जयपुर में अपने इलाके की समस्याएं सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाएं:भास्कर एप पर लॉन्च हुआ नया सेगमेंट ‘भास्कर समाधान’, अब प्रमुखता से उठाई जाएंगी जनसमस्याएं

जयपुर में बढ़ती सिविक समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में दैनिक भास्कर ने एक नई पहल की है। भास्कर एप पर नया सेगमेंट ‘भास्कर समाधान’ लॉन्च किया गया है, जिसके जरिए अब आम लोग अपनी रोजमर्रा की समस्याएं सीधे सामने रख सकेंगे। इस पहल का मकसद शहर और कॉलोनियों में सामने आ रही बुनियादी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना है, ताकि जिम्मेदार विभागों तक बात पहुंचे और समय पर कार्रवाई हो सके। नए सेगमेंट के तहत जयपुर के अलग-अलग इलाकों से टूटी सड़कों, जलभराव, गंदगी, सीवरेज और सिविल लाइन के गंदे पानी के सड़कों पर बहने, पार्कों की बदहाली और सार्वजनिक सुविधाओं की खराब स्थिति से जुड़ी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कई क्षेत्रों में सड़कें जर्जर हालत में हैं। गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनियों में नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। कहीं सीवरेज का पानी सड़कों पर बह रहा है, तो कहीं पार्कों के टूटे गेट और पाथवे लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर वे पहले भी नगर निगम, जेडीए और संबंधित विभागों में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। वीर सावरकर पार्क के सामने सड़क में बड़ा गड्ढा जवाहर नगर स्थित वीर सावरकर पार्क के सामने सेक्टर-3 पेट्रोल पंप वाली सड़क पर बने बड़े गड्ढे को लेकर प्रदीप ने भास्कर ऐप पर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यह सड़क काफी व्यस्त रहती है और गड्ढे के कारण आए दिन वाहन उसमें गिर रहे हैं। दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है, लेकिन नगर निगम और जेडीए की ओर से अब तक कोई सुधार कार्य नहीं कराया गया है। कई बार शिकायत के बावजूद गड्ढा न तो भरा गया और न ही सड़क की मरम्मत की गई। सांगानेर में पानी की गंभीर समस्या सांगानेर क्षेत्र से अनिल शर्मा ने बताया कि उनकी कॉलोनी में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण सड़कों पर पानी भर जाता है, जिससे रोजमर्रा का आवागमन प्रभावित हो रहा है। दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लंबे समय तक पानी भरा रहने से बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियों का डर भी लोगों को सता रहा है। प्रताप नगर सेक्टर-26 में सीवर लाइन का पानी सड़क पर प्रताप नगर सेक्टर-26 से राहुल ने शिकायत की है कि उनकी सोसायटी में गंदगी की स्थिति बेहद खराब है। नियमित सफाई नहीं होने के कारण कचरा फैला रहता है। इसके साथ ही सिविल लाइन का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे बदबू और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पराशर पार्क बदहाल, टूटे पाथवे और गेट बने परेशानी का कारण मानसरोवर सेक्टर-8 से चंद्रशेखर ने पराशर पार्क की बदहाली को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पार्क का पैदल रास्ता पूरी तरह टूटा हुआ है और प्रवेश द्वारों के गेट भी जर्जर हालत में हैं। टूटे पाथवे के कारण सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। वहीं टूटे गेट के चलते पार्क में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। आम जनता ने भास्कर ऐप की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह जनसमस्याओं को लगातार प्रमुखता से उठाया गया और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया, तो जयपुर शहर की सिविक व्यवस्था में निश्चित रूप से सुधार संभव है।

शुक्रवार को हुआ जन समाधान सेगमेंट लॉन्च नगरीय विकास और स्वायत्त शासन मंत्री झाबरसिंह खर्रा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल ने इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि एप पर आ रही समस्याओं की निगरानी के लिए अलग से टीम बनाएंगे। इस अवसर पर कहा कि ऐसे प्रयोग से अधिकारी ज्यादा गंभीरता से काम करेंगे। न्यू सेगमेंट की पांच खास बातें….अधिकारी कॉल कर सकेंगे 1.इस सेगमेंट के जरिए जयपुर के लोग कभी भी कहीं से भी जन समस्याओं से जुड़ी पोस्ट शेयर कर सकते हैं। 2.अधिकारी अपने विभाग से जुड़ी सभी समस्याएं एक साथ देख सकेंगे। एप के जरिए ये बता सकेंगे कि उन्होंने क्या एक्शन लिया है। यदि काम जारी है तो इसके बारे में भी बता सकेंगे। 3.एप में लोकेशन देखने और कॉलिंग का भी फीचर है, जरूरत पड़ने पर अधिकारी यूजर को सीधे कॉल कर सकेंगे। 4.समाधान होने पर यूजर बता सकेंगे कि उनकी समस्या का समाधान हो चुका है। 5.यूजर अपने एरिया की समस्याओं से जुड़ी सभी पोस्ट फिल्टर कर एक साथ देख सकते हैं। स्टार ऑफिसर बनने का मौका इस सेगमेंट के तहत जन समस्याओं का जिम्मेदारी के साथ समाधान करवाने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। जनता से जुड़ने वाले अधिकारियों की न्यूज स्टार ऑफिसर के रूप में दैनिक भास्कर एप और अखबार में पब्लिश की जाएगी। इसका मकसद यही है कि ज्यादा से ज्यादा अधिकारी शहरवासियों से जुड़ सकें।
शहर में बदलाव का सकारात्मक प्रयास इस सेगमेंट को शुरू करने के पीछे भास्कर एप की सोच है कि आमजन और अधिकारियों के बीच सेतु का काम कर सकें। शहर के हर इलाके से आमजन की समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचे, ये संभव नहीं है। ऐसे में दैनिक भास्कर एप के जरिए हर व्यक्ति अपनी छोटी-बड़ी समस्याएं पोस्ट कर सकता है। यदि सरकार और अधिकारी इसे सकारात्मक लेकर समाधान के लिए काम करेंगे तो शहर में बदलाव लाया जा सकता है। ये खबर भी पढ़िए… भास्कर एप पर जन समस्याओं के समाधान का सेगमेंट लॉन्च:जलदाय, यूडीएच और गृह राज्यमंत्री ने की शुरुआत; कहा- अधिकारी जिम्मेदार बनेंगे, सरकार और आमजन जुड़ेंगे

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *