उद्योगों के नाम जमीन आवंटन में अनियमितता का मुद्दा उठाया

भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा शहर के आसपास पेराफेरी क्षेत्र में उद्योगों के नाम पर बेशकीमती जमीनें देकर अनियमितता करने के मामले में मांडल विधायक उदयलाल भडाणा ने विधानसभा में मामला उठाया है। विधायक भडाणा ने कहा कि शहर के आसपास करीब 500 बीघा जमीनों को उद्योग लगाने के लिए नाममात्र की लीज पर दी। कई लोगों ने न तो वहां उद्योग लगाया और न ही उसकी पालना की। कई लोगों ने फैक्ट्री के लिए जमीनें ली और वहां पर होटल-रिसोर्ट व शराब के ठेके चल रहे हैं। यही नहीं, इन जमीनों का उपयोग बदलकर उन्हें बेच भी दिया। इसमें कई राजनेताओं व उद्योगपतियों के नाम शामिल है। इसमें नियम विरुद्ध जाकर सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाते हुए इन जमीनों के डायरेक्टर भी बदल दिए। इसमें हरणीकला, आटूण, गठीलाखेड़ा, बिलिया, आरजिया आदि जगह दी गई जमीनों के इस मामले में दोबारा सर्वे व इसकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह जमीनें वास्तविक रूप से उपयोग में आती तो लोगों को रोजगार मिलता लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। दैनिक भास्कर ने उजागर किया था जमीनों का मुद्दा उद्योग विभाग की ओर से नाममात्र की लीज पर जमीनें आवंटित करने का मामला दैनिक भास्कर ने ही उजागर किया था। इसमें बताया था कि शहर के आसपास पेराफेरी क्षेत्र में बेशकीमती जमीनें मनमर्जी से आवंटित कर दी गई। इसमें जिस उपयोग के लिए जमीनें दी उसका दूसरा उपयोग हो रहा है। कई जगह जमीनों को बेच दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब यह मुद्दा सदन में उठाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *