गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के नगर पंचायत मरवाही स्थित बरैहा सिवनी रोड पर एक शराब दुकान के संचालन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आदिवासी कांग्रेस छत्तीसगढ़ प्रदेश सचिव शुभम पेन्द्रो ने इस दुकान को नियमों का उल्लंघन बताते हुए प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र धरना प्रदर्शन किया जाएगा। शुभम् पेन्द्रो ने अपने आदिवासी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पीड़ित महिलाओं के साथ एसडीएम कार्यालय मरवाही पहुंचकर अपनी मांगें रखीं। उनका आरोप है कि यह शराब दुकान आदिवासी बहुल क्षेत्र में संचालित हो रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शराबी आए दिन करते हैं गाली-गलौज पेन्द्रो ने मीडिया को बताया कि यह शराब भट्ठी स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। क्षेत्र में अधिकांश शिक्षित वर्ग के लोग रहते हैं और छोटे बच्चे अक्सर यहां खेलते रहते हैं। शराब दुकान सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहती है, जो निवासियों के लिए असुविधाजनक है। उन्होंने यह भी बताया कि शराब दुकान के ठीक सामने सोनवैली स्कूल स्थित है। यहां शराबियों का लगातार आना-जाना लगा रहता है, और वे अक्सर अपशब्दों का प्रयोग करते और महिलाओं से झगड़ा करते हैं। मोहल्ले के लोगों को आए दिन ऐसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है, जिसका बच्चों और स्थानीय लोगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। शराब भट्ठी हटाने की मांग को नजरअंदाज कर रही प्रशासन इससे पहले भी शराबियों द्वारा महिलाओं के साथ कई बार अभद्र व्यवहार किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद शराब भट्ठी हटाने को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। नगर पंचायत मरवाही की महिलाओं और आदिवासी कांग्रेस प्रदेश सचिव ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि 10 दिन के भीतर कार्रवाई न होने पर वे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अल्टीमेटम देते समय कई आदिवासी नेता और पीड़ित महिलाएं उपस्थित थीं।


