रायपुर नगर निगम आयुक्त पर भड़के विधायक सुनील सोनी:भाठागांव में चल रहे सड़क निर्माण की धीमी गति को लेकर जताई नाराजगी

रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने भाठागांव में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। भाठागांव चौक से रिंग रोड और शीतला चौक–दतरेंगा मोड़ तक नगर निगम के 15वें वित्त आयोग से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को उन्होंने फटकार भी लगाई। 10 महीने पहले जारी हुआ था वर्क ऑर्डर
इस पूरे मामले पर विधायक सुनील सोनी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि सड़क निर्माण कार्य का वर्क ऑर्डर करीब 10 महीने पहले ही जारी हो चुका था, इसके बावजूद काम अपेक्षित गति से नहीं चल रहा था। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस कार्य में लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने साफ निर्देश दिए कि निर्माण कार्य दो शिफ्ट में कराया जाए, ताकि तय समय-सीमा के भीतर सड़क का काम पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि 15 फरवरी तक सड़क के एक तरफ का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए, जबकि 31 मार्च तक पूरे सड़क निर्माण कार्य को अनिवार्य रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। विधायक सुनील सोनी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण आम जनता की सुविधा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में समय-सीमा का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप, जोन क्रमांक-6 के अध्यक्ष बद्रीप्रसाद गुप्ता, पार्षद रवि सोनकर, मंडल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, नगर निगम के अधीक्षण अभियंता इमरान खान, जोन आयुक्त हितेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *