तेजाजी जन्मोत्सव पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने चलाया ट्रैक्टर:केकड़ी में किसानों ने निकाली रैली; 1001 किलो खीर का लगा महाभोग

केकड़ी में शनिवार को लोक देवता वीर तेजाजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया गया। इस मौके पर किसान वर्ग की ओर से एक विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई, जिससे शहर भक्तिमय हो गया और तेजाजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा। ट्रैक्टर रैली और झांकी निकाली गई ट्रैक्टर रैली जयपुर रोड स्थित पोकी नाड़ी बालाजी मंदिर से शुरू हुई। यह शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरती हुई अजमेर रोड स्थित तेजाजी महाराज मंदिर परिसर पर संपन्न हुई। रैली में सैकड़ों ट्रैक्टर शामिल थे, जिनके आगे तेजाजी महाराज की आकर्षक झांकी चल रही थी। मार्ग में विभिन्न जगहों पर पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया गया। विधायक शत्रुघ्न ट्रैक्टर पर बैठकर रैली में पहुंचे विधायक शत्रुघ्न गौतम भी रैली में शामिल हुए और वो ट्रैक्टर के आगे बैठकर हाथों में झंडा लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वीर तेजाजी केवल गौरक्षक ही नहीं, बल्कि सत्यवादी और वचनबद्धता के प्रतीक थे। गौतम ने समाज और राष्ट्रोत्थान के लिए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि तेजाजी ने गायों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिससे समाज को निरीह जीवों की रक्षा का संदेश मिला। 1001 किलो खीर का भोग लगाया गया अजमेर रोड स्थित तेजाजी महाराज मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन हुए। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां तेजाजी महाराज को 1001 किलो खीर का विशाल भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में बिंदोरी मंडल द्वारा तेजाजी महाराज का भक्तिमय गायन प्रस्तुत किया गया। तेजाजी महाराज के आदर्शों को अपनाने का आह्वान इस मौके पर उपखंड अधिकारी दीपांशु सांगवान भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा- तेजाजी महाराज किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि समूचे समाज के लोक देवता हैं, जो सत्य, वचनबद्धता और गोरक्षा के प्रतीक हैं। सांगवान ने लोगों से तेजाजी महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *