निंबाहेड़ा में नीति आयोग के आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम शनिवार को पंचायत समिति परिसर में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने इसकी अध्यक्षता की। ये रहे मौजूद
समारोह में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पंचायत समिति विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल खटीक, सीडीपीओ दिलीप सिंह, नगर महामंत्री देवकरण समदानी और कमलेश बुनकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अभियान का उद्देश्य निंबाहेड़ा ब्लॉक को स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत सामाजिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य, पोषण और पशु टीकाकरण से जुड़े विभिन्न संकेतकों को संतृप्त कर आमजन के जीवन स्तर में स्थायी सुधार लाना है। निंबाहेड़ा में निकाली जागरूकता रैली
कार्यक्रम से पहले, उपखण्ड कार्यालय निंबाहेड़ा से एक जागरूकता रैली निकाली गई। विधायक श्रीचंद कृपलानी ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्कूली छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुईं, जो पंचायत समिति परिसर तक पहुंची। रैली के माध्यम से शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। पंचायत समिति परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली ने अपने स्वागत उद्बोधन में बताया कि नीति आयोग द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 का संचालन 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस अभियान में कुल 6 संकेतकों का चयन किया गया है, जिनमें महिला एवं बाल विकास विभाग के चार, शिक्षा विभाग और पशुपालन विभाग से एक-एक संकेतक शामिल हैं। विधायक कृपलानी ने अपने संबोधन में कहा कि निंबाहेड़ा ब्लॉक ने अभियान के पहले चरण में देश में दूसरा और राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने जोर दिया कि यह दर्शाता है कि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आमजन मिलकर कार्य करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने सभी विभागों से दूसरे चरण में भी समन्वय के साथ कार्य कर निंबाहेड़ा को देश में प्रथम स्थान दिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने संपूर्णता अभियान 2.0 के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि इस अभियान में निर्धारित 6 संकेतकों को पूर्ण संतृप्त कर निंबाहेड़ा ब्लॉक को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। देशभर में 500 ब्लॉक शुरू किए
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के 500 ब्लॉकों में प्रारंभ किए गए आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के प्रथम चरण में निंबाहेड़ा ब्लॉक ने देश में द्वितीय एवं राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अब द्वितीय चरण के रूप में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ किया गया है। बता दें कि 7 जनवरी 2023 को दिल्ली में आयोजित मुख्य सचिवों के दूसरे राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसके अंतर्गत नीति आयोग द्वारा देशभर में 500 ब्लॉकों का चयन सामाजिक एवं आर्थिक सुधार हेतु किया गया, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, शिक्षा एवं सामाजिक विकास से जुड़े कुल 40 संकेतकों में सुधार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


