भास्कर न्यूज | अमृतसर निगम से कंपनी को 3.50 करोड़ भुगतान होने के 8 दिन बाद भी कूड़ा उठाने वाली 150 ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिकों को पूरा भुगतान नहीं हो पाया है। अंदरखाते कामकाज ठप्प कर हड़ताल पर जाने की तैयारी चल रही है। वहीं निगम के ही कुछ अफसर मुलाजिम अपने करीबियों की ट्रॉली लगवाने की जुगाड़ में लगे हुए हैं। निगम निगम सूत्रों के मुताबिक खींचतान की स्थिति बनी हुई है। बता दें कि अवर्डा कंपनी के समय भी एक अफसर के करीबियों की ट्रॉलियां लगी थी। फिलहाल, जो ट्रॉलियां अभी सड़कों से कूड़ा उठान का काम कर रही हैं 2 माह का पेमेंट बकाया होने के कारण बीते 21 जनवरी को ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर कामकाज ठप्प कर दिया था जिसके बाद कंपनी की तरफ से पेमेंट करना शुरू किया गया लेकिन 60 फीसदी भुगतान कराया गया। वहीं, कुछ को पूरा पेमेंट भी किया गया है। जल्द ही सभी ट्रॉली वालों को पूरा भुगतान नहीं हुआ तो कूड़ा संकट की स्थिति बन सकती है।


