जीएमसी, जीएनडीएच, सिविल अस्पताल में भी बनाए जाएंगे कार्ड

भास्कर न्यूज | अमृतसर मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के तहत जिले में हेल्थ कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अब जिले में संचालित 41 सुविधा केंद्रों पर भी कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा 486 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर भी कार्ड बनाए जाएंगे। डीसी दलविंदरजीत सिंह ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि योजना के तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाएगा। डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को महंगे निजी अस्पतालों में भी बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। जिले के 89 सूचीबद्ध ग्रामीण अस्पतालों में भी इस योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा जीएमसी, जीएनडीएच, सिविल अस्पताल, सब-डिवीजनल अस्पताल अजनाला और बाबा बकाला में भी स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाए जाएंगे। योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए प्रशासन लोगों के घरों तक सूचना पर्चियां भेजेगा, जिनमें संबंधित सीएसी सेंटर का नाम, तारीख और समय दर्ज होगा ताकि लोग समय पर पहुंचकर आसानी से कार्ड बनवा सकें। कार्ड बनवाने के लिए परिवार के कम से कम 2 सदस्यों की उपस्थिति जरूरी होगी। 18 से कम उम्र के सदस्यों को जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड, जबकि 18 से अधिक उम्र के सदस्यों को वोटर कार्ड और आधार कार्ड लाना होगा। बैठक में एडीसी परमजीत कौर, एडीसी (शहरी विकास) अमनदीप कौर और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *