भास्कर न्यूज|गुमला झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य की उन छात्राओं को बड़ी राहत दी है, जिनका चयन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह (भा.प्र.से.) ने इस संबंध में झारखंड अधिविद्य परिषद के अध्यक्ष को पत्र जारी करते हुए आवश्यक निर्देश दिए हैं। सचिव द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के उप सचिव जनरल के पत्र के आलोक में यह कार्रवाई की जा रही है। एआईएफएफ ने अपने पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि झारखंड की कुल छह छात्राओं का चयन एएफसी अंडर-20 व अंडर-17 महिला एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। इनमें गुमला स्थित संत पात्रिक हाई स्कूल की पांच छात्राएं व हजारीबाग स्थित संत कोलम्बस कॉलेजिएट हाई स्कूल की एक छात्रा शामिल हैं। चयनित छात्राओं में एलिजाबेथ लकड़ा (10वीं), अनिता ढुंगडुंग (11वीं), सूरजमणि कुमारी (11वीं), विनीता टोप्पो (12वीं) और विकसित बाड़ा (12वीं) संत पेट्रिक हाई स्कूल, गुमला की छात्राएं हैं। वहीं अनुष्का कुमारी, संत कोलम्बस कॉलेजिएट हाई स्कूल, हजारीबाग की छात्रा हैं, जो 10वीं की परीक्षा में सम्मिलित होने वाली हैं। पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि उक्त छात्राओं के चयन के कारण उनकी शैक्षणिक परीक्षाएं प्रभावित न हों, इसके लिए 10वीं, 11वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं की विशेष व्यवस्था कराई जाए। सचिव ने निर्देश दिया है कि सबसे पहले संबंधित विद्यालयों से संपर्क स्थापित कर छात्राओं के चयन का सत्यापन किया जाए। इसके पश्चात नियमानुसार उनकी परीक्षाओं के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। यह भी कहा गया है कि इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी विभाग, संबंधित छात्राओं व उनके अभिभावकों के अलावा ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन को भी दी जाए, ताकि छात्राएं बिना किसी शैक्षणिक बाधा के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। राज्य सरकार के इस कदम से न सिर्फ चयनित छात्राओं को राहत मिलेगी, बल्कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और शिक्षा व खेल के बीच संतुलन बनाए रखने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


