मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान अंतर्गत सोमवार को आजीविका मिशन नलखेड़ा में जनपद पंचायत नलखेड़ा के समस्त सेक्टर अधिकारी, शिविर प्रभारी और फील्ड स्टाफ की बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि अभियान समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को लाभ देकर उसके जीवन को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण है। संपर्क दल घर-घर जाकर सर्वे करें, सर्वे से कोई भी घर छूटे नहीं। प्रयास करें कि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले। संपर्क दल और अधिकारी इसे गंभीरता से लें। कलेक्टर ने कहा कि आवेदक का आवेदन सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करवाएं। आवेदन दर्ज होने से लंबित नहीं रहे। अभियान में पात्र व्यक्ति शासन की योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित नहीं रहे। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभागों से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी देकर पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में बताया। योजनाओं में पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करने के लिए 11 दिसम्बर से 26 जनवरी 2025 तक मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान और 11 दिसम्बर से 26 दिसम्बर तक चलाया जा रहा है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर आरपी वर्मा, एसडीएम सर्वेश यादव, लोक सेवा प्रबंधक लखनसिंह, एसएलआर प्रीति चौहान, परिवहन अधिकारी बरखा गौड़, जनपद सीईओ नलखेड़ा जितेन्द्र सिंह सेंगर, जनप्रतिनिधि केसरबाई, मुकेश चौहान, ईश्वर सिंह, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायतों के सरपंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और संबंधित विभाग के सभी अधिकारी मौजूद रहे।


