हमीरवास पुलिस ने सादुलपुर क्षेत्र में साधु के वेश में महिलाओं से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार भी बरामद की है, जिसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। थाना अधिकारी रायसिंह ने बताया- बिमला देवी (55), निवासी हमीरवास बढ़ा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह भागचंद मेघवाल के साथ खेत से गांव लौट रही थीं। अच्छापुर बस स्टैंड के पास एक सफेद कार में सवार साधु वेशधारी व्यक्ति और उसके साथी ने खाटू का रास्ता पूछा और बातों में उलझाकर उनके गले से सोने की पतरी और कानों से सोने के बाले छीन लिए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पीड़िता से पूछताछ की और नाकाबंदी कर आरोपियों का पीछा शुरू किया। सिधमुख थाना पुलिस के सहयोग से पीछा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर नाथ (33), निवासी कनहोरा, रेवाड़ी (हरियाणा) और दीवाननाथ उर्फ सुनील (22), निवासी दिनोद, भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ हरियाणा में पहले से तीन-तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।


