सतना के टिकुरिया टोला में सोमवार को एक महिला ठंड से बचने के लिए आग सेंकने के दौरान झुलस गई। महिला को गंभीर हालत में सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक कोलगवां थाना अंतर्गत शहर के टिकुरिया टोला की कंधी गली में रहने वाली पार्वती कोरी (60) पति सुखलाल कोरी सोमवार की सुबह अलाव की आग से झुलस गई। उसके दोनों पैर से कमर तक का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। पार्वती को गंभीर हालत में सतना जिला अस्पताल लाया गया। साड़ी ने पकड़ी आग जानकारी के मुताबिक घर का कामकाज निपटाने के बाद पार्वती ने स्नान किया और फिर ठंड से बचने के लिए तगाड़ी में अलाव जलाकर आग सेंकने लगी। इसी दौरान भड़की चिंगारी उसकी साड़ी पर आ पड़ी और देखते ही देखते साड़ी ने आग पकड़ ली। महिला ने शोर मचाया तो उसका बेटा रज्जन दौड़ते हुए पहुंचा और उसने पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक पार्वती बुरी तरह झुलस चुकी थी। घटना की सूचना कोलगवां पुलिस को भी दे दी गई है।


