झारखंड के पाकुड़ जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा खलासी मुशर्रफ शेख की मौत हो गई। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव के पास अमड़ापाड़ा-पाकुड़ लिंक रोड पर कोयला ढुलाई के दौरान हाइवा को साइड करने की कोशिश में मुशर्रफ वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण घायल मुशर्रफ को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। हालांकि, पाकुड़ सदर अस्पताल ले जाते समय हिरणपुर के पास रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक मुफ्फसील थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव का रहने वाला था। अमरपारा थाना प्रभारी अनूप रोशन भैगंरा के अनुसार घटना की सूचना नगर थाने को दी गई है और मामले की जांच जारी है।


