भास्कर न्यूज | जशपुरनगर छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के तत्वावधान में कुम्हारी, जिला दुर्ग में दो दिवसीय किसान मेला आयोजित किया गया। इस मेले में देशभर से प्रगतिशील एवं नवाचार करने वाले किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान जशपुर जिले के युवा एवं नवाचार किसान मोतीलाल बंजारा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान उपस्थित थे। मोती को यह सम्मान उनके द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं प्रगतिशील खेती के लिए दिया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम, दुर्ग सांसद विजय बघेल, स्थानीय विधायक सहित छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह लोहान, सचिव भूपेंद्र दुबे एवं सह सचिव दिलीप राठौर उपस्थित रहे। किसान मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों एवं किसानों के अनुभव साझा करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने किसानों को नई तकनीकों को अपनाने, जैविक एवं टिकाऊ खेती की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


