पाकुड़ के महेशपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। शुक्रवार को गंभीर रूप से जख्मी स्कूटी सवार आनंद हेम्ब्रम और प्रदीप मरांडी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि बिमल हेम्ब्रम की मौत गुरुवार को घटना के दिन ही मौके पर हो गई थी। तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था और बस की टक्कर से यह हादसा हुआ था। गुरुवार को महेशपुर-पाकुड़िया मुख्य सड़क पर बड़कियारी के पास घटना हुई थी। घायल युवकों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर में डॉ. अपूर्व हर्ष और स्वास्थ्य कर्मी ज्योतिष पासवान द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को पश्चिम बंगाल के अलग-अलग अस्पताल में रेफर किया गया। आनंद हेम्ब्रम की मौत रामपुरहाट अस्पताल में और प्रदीप मरांडी की मौत वर्धमान अस्पताल में हुई। दुर्घटना का मुख्य कारण हेलमेट का न पहनना बताया जा रहा है। तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने बस और स्कूटी को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


