ड्रग्स फैक्ट्री केस में फरार वाहन मालिक गिरफ्तार:पुलिस ने दबिश देकर जैसलमेर से पकड़ा, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

बाड़मेर की ग्रामीण थाना पुलिस ने केरली नाड़ी स्थित आदर्श चवा क्षेत्र में सामने आए ड्रग्स फैक्ट्री मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मादक पदार्थ तस्करी में उपयोग लिए गए वाहन का मालिक है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। दरअसल, बाड़मेर सदर थाना क्षेत्र के केरली आदर्श चवा में कुछ दिन पहले पुलिस ने एक अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स, केमिकल्स, उपकरण और एक कार जब्त की गई थी। उस समय पुलिस ने फैक्ट्री से एक आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया था, जबकि जब्त वाहन का मालिक मौके से फरार हो गया था। SP मीना ने बताया- मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और वांटेड आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और वृताधिकारी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में बाड़मेर ग्रामीण थानाधिकारी विक्रम चारण के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। फलसूंड में छिपा था आरोपी, दबिश देकर पकड़ा पुलिस टीम को सूचना मिली कि फरार आरोपी मोहनलाल पुत्र वीरमाराम, निवासी केरली आदर्श चवा (थाना सदर बाड़मेर) वर्तमान में जैसलमेर जिले के फलसूंड क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने फलसूंड में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी को डिटेन किया। गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी मोहनलाल को केरली आदर्श चवा में पकड़ी गई ड्रग्स फैक्ट्री मामले में विधिवत गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *