करौली में राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र बाबा और करौली शारीरिक शिक्षक संघ अध्यक्ष लोकेश मीणा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का बजट 50 हजार से बढ़ाकर 2 लाख रुपए करने की प्रमुख मांग की। प्रदेश सह मंत्री उमेर मीना ने बताया कि प्रमुख मांगों में प्रत्येक सीबीईओ कार्यालय में खेल समन्वयक व्याख्याता का पद सृजन, डीईओ प्रारंभिक में एडीईओ शारीरिक शिक्षा पद की स्वीकृति और स्टूडेंट्स के लिए राइट टू प्ले कानून बनाने की मांग शामिल है। साथ ही जिला स्तर पर मॉडल स्पोर्ट्स स्कूल की स्थापना और खिलाड़ियों का खुराक भत्ता 250 रुपए प्रतिदिन करने की मांग भी की गई। शिक्षक संघ ने स्पोर्ट्स कोटे की भर्तियों में नेशनल खिलाड़ियों को दो प्रतिशत आरक्षण, शारीरिक शिक्षा की रिव्यू डीपीसी का समय पर आयोजन और पीएमश्री स्कूलों में व्याख्याता शारीरिक शिक्षा के पद की स्वीकृति जैसी महत्वपूर्ण मांगें भी रखी। इस मौके पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र बाबा, जिला महामंत्री वेद रत्न जैमनी, जिला महिला मंत्री भावना टॉक सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


