धौलपुर में अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने गई आंगई थाना पुलिस टीम को आरोपियों ने बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलने का प्रयास और सरकारी बोलेरो को टक्कर मार दी। इस पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और अवैध बजरी को जब्त किया गया है। थाना प्रभारी संतोष शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चंबल से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध बजरी लेकर आंगई से होकर खोखला गांव की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने जब ट्रैक्टरों का पीछा किया तो आरोपियों ने बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया और सरकारी बोलेरो को टक्कर मारकर घसीटने लगा। इसी दौरान मौके पर मौजूद एएसआई लखन राम और कॉन्स्टेबल जुगेंद्र ने बड़ी मुश्किल से ट्रैक्टर ड्राइवर को पकड़कर बजरी से भरी दोनों ट्रैक्टर ट्रॉली रोक ली। कार्रवाई के दौरान दूसरे टैक्ट्रर से एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे कॉन्स्टेबल जीतेंद्र और नेत्रपाल ने पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से एक देशी कट्टा 315 बोर और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के पास हथियार का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मौके से तीन आरोपी निरंजन (20) पुत्र कमल सिंह निवासी सोने का गुर्जा, केशव (28) पुत्र रामनरेश निवासी बाड़ी सदर और सचिन (23) पुत्र राकेश निवासी सोने का गुर्जा को गिरफ्तार किया हैं। जिनके पास से अवैध हथियार और कारतूस के साथ सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल बजरी से भर दो ट्रैक्टर पकड़े गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ अवैध खनन, पुलिस पर जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। बरामद ट्रैक्टर-ट्रॉली और अवैध बजरी को जब्त कर लिया गया है।


