कोटा के आरके पुरम थाना क्षेत्र में स्थित बाल संप्रेषण गृह से एक बार फिर सुरक्षा में भारी चूक सामने आई है। बच्चा जेल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड की लापरवाही के चलते आज सुबह नौ नाबालिग बालअपचारी अभिरक्षा से फरार हो गए। घटना से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब साढ़े चार बजे नाबालिगों ने पहले से बनाई गई योजना के तहत छत पर लगी लोहे की जाली को आरी से काटा। इसके बाद कपड़ों की मदद से सरियों को टेढ़ा किया गया और एक-एक कर सभी नाबालिग छत के रास्ते बाहर निकलने में सफल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी नाबालिग फ्रेश होने का बहाना बनाकर उठे थे, जिस पर ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने अंदर के ताले की चाबी दे दी। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर उन्होंने अंदर के दरवाजे खोले और बीच चौक के बरामदे से छज्जे पर चढ़कर फरारी को अंजाम दिया। आरके पुरम थाने के सीआई रामविलास ने बताया कि बाल संप्रेषण गृह की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में बताया गया है कि नौ बालअपचारी छत पर लगी सरियों को काटकर फरार हुए हैं। पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार नाबालिगों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले 2 जनवरी को भी इसी बाल संप्रेषण गृह से दो नाबालिग फरार हुए थे, जिन्हें बाद में आरके पुरम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर वापस संप्रेषण गृह भेज दिया था। हैरानी की बात यह है कि वही दो नाबालिग इस बार भी फरार होने वालों में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, फरार सभी बालअपचारियों पर पोक्सो एक्ट, लूट, मारपीट सहित गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। इनमें अनंतपुरा, गुमानपुरा और उद्योग नगर थाना क्षेत्र के नाबालिग शामिल हैं। पुलिस अब सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही हैं।


