भास्कर न्यूज | राजनांदगांव सर्वज्ञ राव बास्केटबाल एकेडमी राजनांदगांव की बालिका टीम ने जांजगीर में 30 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित स्व.विनोद नेमी स्मृति सिनियर राज्य स्तरीय आमंत्रण बास्केटबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मैच में कोरबा जिला टीम को 29-04 अंकों से परास्त कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सर्वज्ञ राव बास्केटबाल एकेडमी राजनांदगांव की ओर से अंजली कोडापे (कप्तान), अंजनी, रूमी कोनवर, काम्या झा, प्राची सिंह, आर्या विजय अवारे , अदिति कोडापे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीम के अन्य खिलाड़ी नंदनी माधो प्रधान, अनुष्का बेनर्जी, मुग्धा राजगुरू, प्रेरणा रामटेके, भावना बैरवा ने इन खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में महती योगदान दिया। टीम की कोच अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रशिक्षक कालवा राधा राव हैं। ये सभी खिलाड़ी रेवाडीह स्थित एकेडमी में अभ्यासरत हैं।


