धनबाद में फल दुकान में भीषण आग:रमजान के लिए जुटाया था बड़ा स्टॉक, रोजी-रोटी पर संकट, लाखों का नुकसान

धनबाद के वासेपुर आरा मोड़ पर स्थित एक फल दुकान में बीती रात तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकान में रखा सारा फल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय आसपास का इलाका धुएं और आग की लपटों से भर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने जब दुकान से आग और धुआं निकलते देखा तो तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर बैंक मोड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कराया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। रमजान के लिए जुटाया था बड़ा स्टॉक फल दुकानदार परवेज अंसारी ने बताया कि उन्होंने रमजान पर्व को देखते हुए फलों का बड़ा स्टॉक मंगाया था। सेब, संतरा, केला, अनार सहित अन्य फलों के साथ-साथ दुकान का पूरा ढांचा और जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गया। परवेज अंसारी के अनुसार, इस आगजनी में उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि रमजान के मौके पर अच्छी बिक्री की उम्मीद थी, लेकिन आग लगने से सारी मेहनत और पूंजी एक झटके में खत्म हो गई। इस घटना के बाद उनके परिवार की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। दुकानदार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित सहायता देने की मांग की है। समाजसेवियों ने बढ़ाया हाथ, पुलिस जांच में जुटी घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी जूली प्रवीण मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार से आग लगने के कारणों की गंभीरता से जांच करने की मांग की। जूली प्रवीण ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई साजिश है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित फल दुकानदार को तत्काल 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी और आसपास के दुकानदारों से भी सहयोग करने की अपील की, जिसके बाद कई लोग मदद के लिए आगे आए। वहीं, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *