डिजिटल टिकटिंग की ओर बढ़ता चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन:रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से की सीधी बातचीत, बोले -टिकट लेकर ही यात्रा करें

पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों को टिकट लेकर सफर करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। रविवार को चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से सीधे बातचीत की और उन्हें टिकट लेकर यात्रा करने की बात कही। एआरओ रामेश्वर प्रसाद ने यात्रियों से बातचीत करते हुए कहा कि रेलवे यात्रा हमेशा टिकट लेकर ही करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बिना टिकट यात्रा करना न केवल गलत है, बल्कि इससे रेलवे को भी नुकसान होता है। 28 जनवरी से 6 फरवरी तक चल रहा विशेष अभियान रेलवे की कमर्शियल इंस्पेक्टर संजय पासी ने जानकारी दी कि यह जागरूकता अभियान 28 जनवरी से 6 फरवरी तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्टेशन परिसर में जगह-जगह स्टैंडिस लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों को स्टेशन में एंट्री करते ही इसकी जानकारी मिल सके। यात्रियों को सरल शब्दों में समझाया जा रहा है कि टिकट लेकर यात्रा करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि टिकट खरीदने से जो पैसा रेलवे को मिलता है, वह देश के विकास कामों में लगाया जाता है। इस तरह हर यात्री टिकट लेकर यात्रा कर देश के विकास में अपनी भागीदारी निभाता है। Railone ऐप की दी जा रही जानकारी अभियान के दौरान यात्रियों को Railone ऐप के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। संजय पासी ने बताया कि यह ऐप पश्चिम रेलवे के सभी स्टेशनों पर लॉन्च किया जा चुका है। इस ऐप के जरिए रिजर्वेशन टिकट, अनरिजर्व्ड टिकट और सीजन टिकट आसानी से बुक किए जा सकते हैं। इसके साथ ही आर-वॉलेट की सुविधा भी मिलती है। ऐप से टिकट बुक करने पर यात्रियों को तीन प्रतिशत कैशबैक का लाभ भी दिया जा रहा है, जिससे डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा मिल रहा है। तत्काल टिकट में भी Railone ऐप की सुविधा Railone ऐप की खास बात यह है कि इससे तत्काल टिकट की बुकिंग सुबह 10 बजे से ही शुरू हो जाती है, जबकि आईआरसीटीसी ऐप से आम यात्रियों के लिए बुकिंग 10:20 बजे शुरू होती है। इससे यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना अधिक रहती है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने चित्तौड़गढ़ स्टेशन से कुल टिकट बुकिंग में करीब 15 प्रतिशत टिकट डिजिटल माध्यम से बुक किए गए, जो डिजिटलाइजेशन की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है। रेलवे, पुलिस और समाजसेवियों की रही मौजूदगी इस जागरूकता अभियान के दौरान स्टेशन मास्टर सी.एल. मीणा, सीबीएस एस.एन. शर्मा, जीआरपी से एएसआई गिरधारी लाल, आरपीएफ से सब-इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मीणा मौजूद रहे। इसके साथ ही पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष और समाजसेवी कमलेश खटवानी तथा प्रदीप जोशी भी अभियान में शामिल हुए। सभी ने मिलकर यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने और डिजिटल प्लेटफॉर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया। यात्रियों ने भी जताई जागरूकता अभियान के दौरान यात्रियों ने भी अपने विचार साझा किए। जयपुर से सांवलिया जी दर्शन के लिए आई 28 वर्षीय सुमन शर्मा ने बताया कि उनकी बहन रेलवे में कार्यरत है, इसलिए वह हमेशा टिकट लेकर ही यात्रा करती हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने आसपास के लोगों को भी टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करती हैं। वहीं, हरियाणा से आए सरपंच राकेश बादु (35) ने बताया कि वह हमेशा टिकट लेकर यात्रा करते हैं, लेकिन आज उन्हें Railone ऐप के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐप डाउनलोड कर लिया है और आगे भी इसका उपयोग करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *