झुंझुनूं के श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) ने एक बड़ी सौगात पेश की है। अब झुंझुनूं से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सेठ सांवरिया जी (चित्तौड़गढ़) और वृंदावन (उत्तर प्रदेश) के लिए सीधी रोडवेज बस सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इन सेवाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सस्ती और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करना है। इन नई बस सेवाओं का शुभारंभ झुंझुनूं रोडवेज डिपो में एक कार्यक्रम के दौरान किया गया। बामलास धाम के महंत लक्ष्मण दास जी महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। महाराज ने डिपो परिसर में बसों की पूजा-अर्चना की और मंत्रोच्चार के बीच हरी झंडी दिखाकर इन्हें रवाना किया। ये रहे रूट डिपो के मुख्य प्रबंधक (चीफ मैनेजर) गिरीराज स्वामी ने बताया कि दो बसे शुरू की गई है। झुंझुनूं से सेठ सांवरिया जी (वाया अजमेर-भीलवाड़ा) यह बस श्रद्धालुओं की पुरानी मांग को देखते हुए शुरू की गई है। झुंझुनूं से सालासर, डीडवाना, अजमेर, भीलवाड़ा, सांवरिया सेठ (मंडफिया) वापसी: इसी मार्ग से होते हुए बस पुनः झुंझुनूं लौटेगी। इस रूट से न केवल सांवरिया जी जाने वाले भक्तों को, बल्कि अजमेर और भीलवाड़ा जैसे व्यावसायिक केंद्रों तक जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। झुंझुनूं से वृंदावन (वाया खाटूश्यामजी-गोवर्धन) ब्रज भूमि की यात्रा करने वालों के लिए रूट निर्धारित किया गया है।
झुंझुनूं से सालासर, खाटूश्यामजी, शाहपुरा, अलवर , डीग गोवर्धन, वृंदावन पहुंचेगी। वापसी: वृंदावन, मथुरा, गोवर्धन, डीग, अलवर, शाहपुरा, खाटूश्यामजी, सालासर होते हुए झुंझुनूं पहुंचेगी।


