मास्क-ग्लव्स पहनकर ऑटोमोबाइल दुकान में चोर ने की चोरी:मोबाइल-लैपटॉप छोड़े, सवा लाख रुपए की नकदी लेकर हुए फरार

शहर के भीलवाड़ा बाईपास क्षेत्र में रविवार तड़के एक ऑटोमोबाइल दुकान में अज्ञात चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह रही कि चोर चोरी करने से पहले दुकान के बाहर ही अपने मुंह पर मास्क और हाथों में ग्लव्स पहना, ताकि उसकी पहचान न हो सके। चोर ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसा और वहां से करीब सवा लाख रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। भीलवाड़ा बाईपास पर स्थित है नाकोड़ा ऑटोमोबाइल पीड़ित दुकानदार अर्पित वीरानी (31) ने बताया कि उनकी दुकान नाकोड़ा ऑटोमोबाइल भीलवाड़ा बाईपास पर स्थित है। रोज की तरह शनिवार रात को दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब 4 बजकर 13 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति दुकान के बाहर पहुंचा। उसने पहले दुकान के शटर का ताला तोड़ा और फिर अंदर घुस गया। पूरी वारदात शांत तरीके से अंजाम दी गई। ड्रॉअर तोड़कर नकदी पर किया हाथ साफ दुकान के अंदर घुसने के बाद चोर ने सबसे पहले आगे की ओर रखे ड्रॉअर को तोड़ा, जिसमें करीब 15 से 16 हजार रुपए नकद रखे थे। दुकान के अंदर अंधेरा होने के कारण चोर अपने मोबाइल फोन की लाइट ऑन कर चोरी कर रहा था, जो सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह दुकान के पीछे की तरफ गया और वहां रखे एक अन्य ड्रॉअर को भी तोड़ दिया, जिसमें एक लाख 10 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। शादी के लिए जोड़ी गई रकम हुई चोरी दुकानदार अर्पित वीरानी ने बताया कि चोरी गई रकम उनके छोटे भाई की जून महीने में होने वाली शादी के लिए धीरे-धीरे जमा की गई थी। इस रकम को वह काफी समय से संभालकर रख रहे थे। चोरी की इस घटना से परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से बड़ा झटका लगा है। दुकानदार ने बताया कि चोर को नकदी की पूरी जानकारी थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसने पहले से दुकान की रेकी की होगी। कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान को नहीं छुआ चोरी की वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दुकान में रखे महंगे ऑटो पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे मोबाइल, टैबलेट और लैपटॉप चोर ने हाथ तक नहीं लगाए। यह सभी सामान सुरक्षित दुकान में ही पड़ा रहा। इससे यह साफ होता है कि चोर का मकसद केवल नकदी चोरी करना था और वह ज्यादा समय दुकान में रुकना नहीं चाहता था। सुबह स्टाफ ने देखा टूटा हुआ ताला रविवार सुबह करीब 9 बजे जब दुकान का स्टाफ दुकान पहुंचा तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर ड्रॉअर टूटे हुए और नकदी गायब मिली। इसके बाद तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर अर्पित वीरानी अपने पूरे परिवार के साथ मौके पर पहुंचे और सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर व्यापारी सुनील जागेटिया सहित अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंचे और पूरी जानकारी ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *