राजसमंद में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आगामी 4 फरवरी को तेरापंथ महिला मंडल द्वारा सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर ‘पैप स्मीयर टेस्ट’ का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 100 फीट रोड स्थित स्वास्थ्य भवन में आयोजित होगा, जहां उदयपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सक महिलाओं की जांच करेंगे। तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष रितू धोका व मनीषा कच्छारा ने बताया कि यह शिविर महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है। पैप स्मीयर टेस्ट के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव हो पाती है, जिससे समय पर इलाज किया जा सकता है। शिविर के आयोजन को लेकर भिक्षु निलियम परिसर में जैन मुनि संबोध कुमार मेधांश की सान्निध्य में कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर जैन मुनि संबोध कुमार ने कहा कि जीवन सदियों के पुरुषार्थ का परिणाम है और वर्तमान समय में स्वास्थ्य सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। कैंसर निश्चित रूप से एक गंभीर बीमारी है, लेकिन संयम, जागरूकता और निरंतर प्रयासों से इस पर विजय पाई जा सकती है। महिला मंडल ने अधिक से अधिक महिलाओं से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।


