पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में 27 जनवरी को सड़क दुर्घटना के बाद हुए उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान महुआडांगा निवासी अजय प्रमाणिक उर्फ अजय ठाकुर के रूप में हुई है। यह उपद्रव उस समय हुआ था, जब सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित भीड़ सड़क पर उतर आई थी। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया और उपद्रवी डीपीएस स्कूल तक पहुंच गए थे। वहां जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की गई थी। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा था। 90 नामजद, 500-600 अज्ञात पर केस इस मामले को लेकर नगर थाना में दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पहली शिकायत अंचल अधिकारी की ओर से और दूसरी डीपीएस स्कूल प्रबंधन की ओर से दी गई थी। इन शिकायतों के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 16/26 और 17/26 दर्ज की गई है। इन दोनों मामलों में करीब 90 नामजद और 500 से 600 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन ने नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक सनी सुप्रभात और अभिषेक कुमार शामिल थे। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर अजय प्रमाणिक को गिरफ्तार किया। बस चालक पर भी मामला दर्ज डीएसपी अजय आर्यन ने बताया कि उपद्रव मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होंगी। वहीं, सड़क दुर्घटना में मारे गए युवक के पिता रविंद्र नाथ चंद्र की लिखित शिकायत पर डीपीएस स्कूल की बस (नंबर JH 16B/8953) के चालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। चालक पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 1/26 दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने संबंधित बस को जब्त कर लिया है और उसके रजिस्ट्रेशन सहित अन्य कागजातों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


