खन्ना में बाथरूम से मिला NRI महिला का शव:हाथ और मुंह बंधे, लंबे समय से कनाडा में रहती थी

लुधियाना जिले के खन्ना शहर की नई आबादी इलाके में 81 वर्षीय एनआरआई महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव उनके घर के बाथरूम से मिला है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2025 में कनाडा से भारत आई थी मृतका की पहचान जगपाल कौर पत्नी सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। वह एक सेवानिवृत्त टीचर थी और लंबे समय तक कनाडा में रही थी। जानकारी के अनुसार, जगपाल कौर अक्टूबर 2025 में कनाडा से भारत आई थी और अप्रैल महीने में कनाडा लौटने की तैयारी में थीं। वह खन्ना स्थित अपने मकान में अकेली रहती थी। पड़ोसियों ने सुबह घर से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला, तो महिला का शव बाथरूम में पड़ा मिला। हत्या से पहले मारपीट की आशंका पुलिस जांच के अनुसार, मृतका के हाथ और मुंह बंधे हुए थे। इससे संकेत मिलता है कि हमलावरों ने पहले उन्हें काबू किया और फिर हत्या को अंजाम दिया। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले महिला के साथ मारपीट भी की गई होगी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वारदात ने खासकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक सबूत जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घर से कोई कीमती सामान या नकदी गायब तो नहीं हुई है, जिससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतका की रिश्तेदार ने बताया कि जगपाल कौर घर में अकेली रहती थी। कुछ दिनों पहले किराएदारों ने मकान का ऊपर वाला हिस्सा छोड़ दिया था। जिस कारण वह अकेली थी। पुलिस इस पहलु पर भी जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *