इंदौर मैराथन में दौड़ रहे युवक की मौत:फिनिश लाइन से 100 मीटर पहले बिगड़ी तबीयत; सीपीआर दिया, पर नहीं बची जान

इंदौर में रविवार सुबह मैराथन के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तोदी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था। आर्यन ने मैराथन में रजिस्ट्रेशन कराया था और दौड़ में शामिल भी हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आर्यन मैराथन पूरी करने के बेहद करीब था। नेहरू स्टेडियम के फिनिश पॉइंट से महज 100 मीटर पहले उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह स्टेडियम के बाहर गिर पड़ा। उस वक्त मैराथन पूरी हो चुकी थी। कार्डियोलॉजिस्ट ने दिया सीपीआर, नहीं बच पाई जान
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत पीछे ही थे। उन्होंने आर्यन को संभाला, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। इसके बाद उसे एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आर्यन को बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन वहां भी उसे मृत ही बताया गया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत ने बताया कि आर्यन 21 किमी की दौड़ में शामिल था। लौटने के दौरान फिनिश लाइन से कुछ पहले वह अचानक गिरा। दूसरे रनर्स उसे उठाने लगे। तब तक मैं पहुंचा तो उसकी धड़कन बंद हो चुकी थी। उसे तत्काल सीपीआर दिया और एमवाय अस्पताल के पांचवीं मंजिल स्थित आईसीयू में ले गए। वहां भी डॉक्टरों ने कोशिश की, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं। मूल रूप से नेपाली, परिवार कोलकाता में रहता है
डॉ. रावत ने बताया कि आर्यन का परिवार अभी कोलकाता में रहता है, लेकिन मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं। वे 20 साल पहले नेपाल गए थे तो उसके परिवार से तब बातचीत होती थी। आर्यन यहां अपने चचेरे भाई के साथ रहता था। उसकी मौत की सूचना नेपाल में रह रहे उसके रिश्तेदारों तक भी पहुंच गई है। इंदौर में फैक्ट्री शुरू करने की तैयारी में था
आर्यन आज पहली बार मैराथन में शामिल नहीं हुआ था। वह पहले भी कई बार पार्टिसिपेट कर चुका था। आर्यन का परिवार नेपाल का काफी प्रतिष्ठित परिवार है। उसके पिता हरीश तोदी बिजनेसमेन हैं और इन दिनों दिल्ली में हैं। आर्यन इंदौर में जल्दी ही फैक्ट्री शुरू करने की तैयारी में था। डॉ. रावत ने बताया कि इंदौर में मैराथन में कार्डियक अरेस्ट से मौत पहला मामला नहीं है। अन्य शहरों में भी ऐसे मामले पहले हुए हैं। ऐसे मामले फिनिश लाइन (दौड़ पूरी खत्म होने के बाद लौटने के दौरान) के पास ही हुए हैं। ये खबर भी पढ़ें…
इंदौर में महिला डॉक्टर को कार्डियक अरेस्ट इंदौर में शनिवार को एक इंटरनेशनल यूरोलॉजी कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला डॉक्टर को कार्डियक अरेस्ट आ गया। प्रेजेंटेशन देते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे मंच पर ही गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद डॉक्टरों और डेलिगेट्स ने तुरंत सीपीआर दिया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सांसें लौट आईं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *