चूरू में श्री श्याम एकादशी भक्त मंडल राम मंदिर की ओर से श्री श्याम कृपा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को समिति ने श्री श्याम रथ व निशान यात्रा निकाली। इस यात्रा का इत्र और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह यात्रा सुभाष चौक स्थित सत्यनारायण मंदिर से शुरू हुई। इसमें बाबा श्याम की भव्य झांकी शामिल थी, साथ ही फाल्गुन के चंग भी बजाए गए। निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने चंग की थाप पर बाबा श्याम के भजनों पर नृत्य किया। यात्रा सत्यनारायण मंदिर से रवाना होकर राम मंदिर पहुंची। महोत्सव के तहत सोमवार शाम सवा 6 बजे से श्रीराम मंदिर में बाबा श्याम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। भजन संध्या में सूरतगढ़ की वैष्णवी जन्वेजा, कोलकाता के रवि बेरीवाल और जयपुर के आयुष सोमानी अपने भजनों से समां बांधेंगे।
भजन संध्या के दौरान बाबा का भव्य अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अखंड ज्योत, छप्पन भोग, पुष्प एवं इत्र वर्षा, फूलों की होली और बाबा श्री श्याम खजाना जैसे आयोजन भी होंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने में बुद्धि प्रकाश शर्मा, संजय पारीक, मुकुल खेमका और सूर्यप्रकाश सोनी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।


