धार में श्री गौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा एक निजी अस्पताल के सहयोग से दूसरा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। महालक्ष्मी परिसर स्थित समाज के गार्डन में हुए इस शिविर में सैकड़ों महिला, पुरुष, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ समाज अध्यक्ष और उपस्थित वरिष्ठ समाजजनों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर अमित और अर्जुन मंडलोई ने बताया कि समाज लगातार सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य कर रहा है, जिसके तहत यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में निजी अस्पताल का विशेष सहयोग रहा। समाज के सेवानिवृत्त वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.सी. शुक्ला, भोज चिकित्सालय में पदस्थ आरएमओ डॉ. संजय जोशी, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सौरभ बौरासी, एमडी हृदय रोग व मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कामतिया, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा चौहान शिंदे, होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. आशुतोष मकवाना व डॉ. चंचल मकवाना, नेहा मकवाना और डॉ. अतुल चतुर्वेदी ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने शिविर में आए मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी उचित परामर्श दिया। उन्होंने विभिन्न बीमारियों की रोकथाम और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। शिविर में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वरिष्ठ नागरिकों के लिए सभी प्रकार की आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर के समापन पर समाज की ओर से सभी चिकित्सकों का सम्मान किया गया। समाजजनों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।


