मोगा पुलिस द्वारा सुरक्षा प्रबंधों को लेकर बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष चेकिंग की गई। जिला पुलिस प्रमुख मोगा ने बताया कि जिले में अमन-कानून बनाए रखने के लिए पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत आज जिले के सभी बस स्टैंडों की स्पेशल चेकिंग के साथ-साथ अन्य सार्वजनिक स्थानों की भी चेकिंग एसपीआई बाल कृष्ण सिंगला के नेतृत्व में की गई। इस मौके पर अन्य पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी भी मौजूद थे। वाहन स्टैंड की भी चेकिंग की जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी ने कहा कि पुलिस द्वारा बस स्टैंड पर खड़ी बसों के साथ-साथ यात्रियों के सामान की भी अच्छी तरह से जांच की गई, वहीं वाहन स्टैंड की भी चेकिंग की गई। उन्होंने बताया कि पार्किंग एरिया में खड़े लावारिस वाहनों को पुलिस ने अपनी कस्टडी में लेकर तुरंत अलग-अलग थानों में भेज दिया। आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना उद्देश्य अभियान का मुख्य उद्देश्य किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधियों, आपत्तिजनक सामग्री और नशीले पदार्थों की बरामदगी करना तथा आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना था। उन्होंने कहा कि मोगा पुलिस जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह की स्पेशल चेकिंग जारी रहेगी। इसके अलावा पुलिस द्वारा अन्य सार्वजनिक स्थानों की भी विशेष चेकिंग की गई, ताकि शरारती तत्वों पर काबू पाया जा सके।


