धार के ठक्कर मार्ग, लक्की चौराहा क्षेत्र से साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने केवाईसी अपडेट के बहाने भेजे गए एक लिंक के माध्यम से एक व्यक्ति के बैंक खाते से 3 लाख 82 हजार 400 रुपए निकाल लिए। पीड़ित राकेश पिता छोटेलाल ने बताया कि 29 जनवरी 2026 को उन्हें एक अज्ञात नंबर से केवाईसी से संबंधित लिंक प्राप्त हुआ था। जैसे ही उन्होंने लिंक खोलकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज किया, उनका मोबाइल और व्हाट्सऐप कुछ ही समय में पूरी तरह हैक हो गया। रविवार को जब पीड़ित ने अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया, तो उन्हें पता चला कि खाते में केवल 212 रुपए बचे हैं, जबकि पहले 3 लाख 82 हजार 600 रुपए जमा थे। ठगी का पता चलते ही पीड़ित राकेश कोतवाली थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी चौहान ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाले संदिग्ध संदेशों से हमेशा सतर्क रहें।


