संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया उर्फ पिंकी के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 39 स्थित एससी बस्ती मातादीन का पुरा में जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संत रविदास के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि संत रविदास ने समाज को जोड़ने का कार्य किया। जीवनभर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास का संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी उतना ही प्रासंगिक है। संत रविदास ने छुआछूत, जातिवाद और अमानवीय व्यवहार का विरोध करते हुए सामाजिक समानता और भाईचारे का मार्ग प्रशस्त किया। धर्मेंद्र भदौरिया ने कहा कि संत रविदास भक्ति आंदोलन के महान संत-कवि थे, जिन्होंने निर्गुण ईश्वर की भक्ति और मानव समानता का संदेश दिया। उनका जन्म वाराणसी के समीप हुआ और उन्होंने जाति-पाति के भेदभाव को नकारते हुए समाज सुधार का कार्य किया। वे रविदासिया पंथ के संस्थापक और महान समाज सुधारक के रूप में पूजे जाते हैं। कार्यक्रम में संतोष त्रिपाठी ने कहा कि संत रविदास जी की 649वीं जयंती समाज को आत्ममंथन और एकता का संदेश देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि संत रविदास और संत कबीर दास जैसे संतों ने अपने समय में आडंबर, छुआछूत और जातिवाद के खिलाफ आवाज उठाई। संत रविदास के भजन सिख धर्म के गुरु ग्रंथ साहिब में भी शामिल हैं, जो उनके विचारों की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाते हैं। इस अवसर पर नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष राहुल सिंह कुशवाह, स्मिता शर्मा, मुकेश गर्ग, दीपक शर्मा, बलराम जाटव, मोहर सिंह जाटव, शिवशंकर भदौरिया, मोहम्मद इरफान, गामू, सोहन तिवारी, सूरज पाल सिंह गोलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


