केंद्रीय बजट को लेकर युवा कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। जयस्तंभ चौक पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम जनता को लॉलीपॉप बांटकर केंद्र सरकार के बजट का विरोध जताया। युवा कांग्रेस का कहना है कि केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ को एक बार फिर नजरअंदाज किया गया है। न तो आम जनता के लिए कोई ठोस प्रावधान किया गया और न ही युवाओं के लिए रोजगार या विकास से जुड़ी कोई बड़ी घोषणा की गई। “युवाओं को सिर्फ लॉलीपॉप दिया जा रहा”
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं का मुखौटा पहनकर नारे लगाए, “छत्तीसगढ़ के युवाओं को लॉलीपॉप देना बंद करो”और “बजट के नाम पर छलावा नहीं चलेगा।” आकाश शर्मा ने कहा कि संसद में पेश किया गया बजट छत्तीसगढ़ और यहां के युवाओं के लिए पूरी तरह निराशाजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ से भारी राजस्व वसूलती है, लेकिन बदले में राज्य को न तो प्राथमिकता दी जाती है और न ही रोजगार से जुड़ी कोई बड़ी योजना दी जाती है। उन्होंने कहा, “मोदी सरकार हर बार की तरह इस बार भी छत्तीसगढ़ को सिर्फ लॉलीपॉप दे रही है। जब तक राज्य को उसका हक नहीं मिलेगा, युवा कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।”
प्रदर्शन के दौरान गुलिया अहमद, आदिल आलम खैरानी, सतीश ठाकुर, फहीम शेख, अपराजीत तिवारी, अर्जुन श्रीवास्तव, नवाज़ खान, विपुल चौबे, दिनेश मिश्रा, वैभव सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।


