डीग में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सनातन परंपरा और हिंदू एकता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। सम्मेलन से पूर्व एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। यह सम्मेलन नगर रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर और मेला मैदान स्थित एक निजी मैरिज होम में आयोजित हुआ। वक्ताओं ने सनातन धर्म की रक्षा और सामाजिक संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और आने वाली पीढ़ी में सनातन के प्रति आस्था जगाना समय की मांग है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि इस हिंदू सम्मेलन का उद्देश्य केवल भीड़ जुटाना नहीं, बल्कि हिंदू समाज में संगठन और एकजुटता की भावना को मजबूत करना है। हिंदू सम्मेलन बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया, देखें फोटोज… सम्मेलन का शुभारंभ जटेरी धाम के महंत विपिन बिहारी दास, आदि बद्री धाम के महंत शिवराम दास और बृज संत भूरा बाबा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इससे पहले 151 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। कार्यक्रम में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और विराट हवन-यज्ञ का भी आयोजन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी गईं और समाज परिवर्तन की दिशा में कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता लाखन धौलपुर ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज के संगठित होने पर ही संतति और संपत्ति दोनों सुरक्षित रह सकेंगी। फोटोज में देखें हिंदू सम्मेलन की झलक… आदि बद्री धाम के महंत शिवराम दास और संत भूरा बाबा ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। खोह, नगला खोह, मोनाका, पहलवाड़ा और हयातपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से सर्व समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में इस सम्मेलन में भाग लिया, जिससे यह भव्य रूप ले सका।


