मंत्री बोले-राजस्थान के हर जिले में पशु मेलों का आयोजन:पशुपालकों की स्थिति सुधारने का प्रयास; राजसमंद के कुरज में पशु मेला शुरू

राजसमंद के कुरज कस्बे में रविवार को 5 दिवसीय भव्य पशु मेले की शुरुआत हुई। न्याति पेवेलियन मैदान में आयोजित पशु मेले का उद्घाटन राज्य के पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने किया। यह आगामी 5 फरवरी तक चलेगा। इस मौके पर पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पशु चिकित्सालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि खुरपका, लंपी स्किन डिजीज जैसी गंभीर बीमारियों से पशुओं की मृत्यु होने पर पशुपालकों को पहले भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पशुओं के लिए बीमा योजना शुरू की है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। मंत्री कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप प्रदेश के प्रत्येक जिले में पशु मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इससे पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर ही अच्छी नस्ल के पशुओं के क्रय-विक्रय का अवसर मिल रहा है। कुरज में पशु मेला शुरू होने से क्षेत्र के पशुपालकों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह में राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, समाजसेवी मान सिंह बारहठ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *