दैनिक भास्कर की ओर से रायपुपर के बीटीआई ग्राउंड, शंकरनगर में मेगा प्रॉपर्टी एक्सपो का सफल आयोजन किया गया। आयोजन के तीसरे और अंतिम दिन, रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग घर, प्लॉट और कमर्शियल की तलाश में पहुंचे। लोगों का एक्सपो में आने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। खास ऑफर्स का फायदा लेते हुए मौके पर कई ने अपनी जरूरत और बजट के मुताबिक प्रॉपर्टी की बुकिंग कराई। एक्सपो में शहर और आस-पास के प्रमुख बिल्डर्स और डेवलपर्स ने अपने स्टॉल लगाए थे। इनमें रेजिडेंशियल और कमर्शियल मिलाकर करीब 70 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स के विकल्प मिले। यहां एक ही छत के नीचे प्रॉपर्टी के विविध विकल्प, बैंक होम लोन और बिल्डर्स व डेवलपर्स के एक्सपो ओनली ऑफर्स समेत ढेरों सुविधाओं ने विजिटर्स को आकर्षित किया। एक्सपो में पहुंचे लोगों का कहना था कि एक ही जगह इतने सारे प्रोजेक्ट्स देखने, तुलना करने और सीधा बिल्डर्स से बात करने का यह बेहतरीन अवसर रहा। बुकिंग पर मिले ऑफर्स और बचत के कारण घर खरीदने का फैसला लेना आसान हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन के दौरान पांच हजार से ज्यादा लोगों ने विजिट की। साथ ही ऑफर्स के साथ अच्छी बुकिंग हुई।
मेगा प्रॉपर्टी एक्सपो के समापन पर मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन टंकराम वर्मा ने दैनिक भास्कर को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोगों के अपने घर का सपना पूरा करने में बिल्डर और डेवलपर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रदेश का रियल एस्टेट सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है और खास तौर पर रायपुर के बिल्डर्स के इनोवेटिव और क्वालिटी प्रोजेक्ट्स शहर को नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस सेक्टर में लगातार रिफॉर्म्स कर रही है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। मंत्री वर्मा ने रियल एस्टेट में सस्टेनेबल और ग्रीन प्रोजेक्ट्स पर अधिक फोकस करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास को आगे बढ़ाया जा सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक, रायपुर उत्तर पुरंदर मिश्रा ने प्रॉपर्टी एक्सपो को हर वर्ग के लोगों के लिए एक सशक्त और उपयोगी मंच बताया। उन्होंने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान जीवन की मूलभूत जरूरतें हैं और ऐसे आयोजन लोगों के घर का सपना साकार करने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के विशेष अतिथि, नेशनल क्रेडाई के वाइस प्रेसिडेंट आनंद सिंघानिया ने कहा कि भास्कर के इस आयोजन का होम बायर्स और बिल्डर्स दोनों को बेसब्री से इंतजार रहता है। ऐसे आयोजनों से प्रॉपर्टी मार्केट को सकारात्मक गति मिलती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और नई इंडस्ट्रीज के आने से रियल एस्टेट सेक्टर और अधिक मजबूत हुआ है, खासतौर पर कोविड के बाद। उन्होंने अफोर्डेबल हाउसिंग पर और अधिक ध्यान देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। वहीं, विशेष अतिथि क्रेडाई छत्तीसगढ़ सदस्य मो. आबिद सूर्या ने कहा कि भास्कर प्रॉपर्टी एक्सपो में न केवल रायपुर बल्कि पूरे प्रदेश से लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं और अपनी जरूरत व बजट के अनुसार प्रॉपर्टी का चयन कर अपने सपनों का घर पाने की दिशा में कदम बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के अंत में भास्कर की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। साथ ही एक्सपो में शामिल बिल्डर्स व डेवलपर्स आैर एसोसिएट्स पार्टनर को मोमेंटो दिए गए। कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के स्टेट हेड देवेश सिंह, स्टेट एडिटर शिव दुबे, रायपुर यूनिट एडिटर हर्ष पांडेय और भास्कर टीम मौजूद रही। एक्सपो में फैमिली सहित आने वाले विजिटर्स के लिए सरप्राइज गिफ्ट्स, जनरल हेल्थ चेकअप स्टॉल, बच्चों के लिए फन-जोन, लाइव म्यूजिक और स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए फूड स्टॉल लगाए गए थे, जिनका सभी ने आनंद लिया।


