प्रयागराज महाकुंभ में आराध्य देव गोविंदजी के आशीर्वाद से लगाए गए गोविंद धाम अन्नक्षेत्र (शिविर) का विधिवत समापन हो गया है। गोविंद धाम की व्यवस्था संभालने और उसके सफल संचालन करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। रविवार को गोविंददेवजी मंदिर में सुबह नौ कुंडीय पूर्णाहुति हवन होगा। पूजा-अर्चना कर शिविर के निर्विघ्न रूप से संपन्न होने पर भगवान को धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में होने वाले महायज्ञ को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के विद्वानों की टीम संपन्न कराएंगी। सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि गायत्री महायज्ञ में कोई भी शामिल हो सकता है। गोविंद देवजी, वेदमाता गायत्री और गुरू सत्ता का षोडशोपचार पूजन कर अग्नि प्रज्ज्वलन कर यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की जाएंगी। गायत्री एवं महामृत्युंज महामंत्र के अलावा सूर्य, रूद्र, शिव, नवग्रह मंत्रों से भी आहुतियां प्रदान की जाएंगी।


