जरखड़ मिनी ओ​लिंपिक:खेलों का पंजाबी लोक नृत्य और कोरियाईग्राफी के प्रदर्शन के साथ हुआ आगाज, हॉकी, फुटबॉल और रस्साकशी के रोमांचक मुकाबले

भास्कर न्यूज | लुधियाना रॉयल एनफील्ड, कोका-कोला और एवन साइकिल के सहयोग से आयोजित 37वें जरखड़ मॉडर्न मिनी ओलंपिक खेलों की धमाकेदार शुरुआत हो गई। उद्घाटन समारोह में हल्का विधायक जीवन सिंह संगोवाल और मार्कफेड के चेयरमैन अमनदीप सिंह मोही ने मार्च पास्ट की सलामी ली और जरखड़ के विकास के लिए 18 लाख रुपये की ग्रांट ग्राम पंचायत को सौंपी। विधायक संगोवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि विकास कार्यों को अमलीजामा भी पहनाती है। उन्होंने जरखड़ खेलों को पंजाब की ग्रामीण खेल संस्कृति की शान बताया और इसे अन्य आयोजनों के लिए रोल मॉडल करार दिया। खेलों के उद्घाटन समारोह में बच्चों ने पंजाबी लोकनृत्य और कोरियाई ग्राफी का प्रदर्शन किया, जबकि लुधियाना की ड्रैगन एकेडमी ने अपनी अद्भुत कला से दर्शकों को रोमांचित किया। मुख्य आयोजक जगरूप सिंह जरखढ़ और प्रधान एडवोकेट हरकमल सिंह ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य आयोजक जगरूप सिंह जरखड़ ने बताया कि 8 फरवरी को कबड्डी (एक पिंड ओपन), वॉलीबॉल, लड़कियों का फुटबॉल और हॉकी के मुकाबले होंगे। 9 फरवरी को फाइनल मुकाबले होंगे, जहां खेल जगत की हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। दर्शकों के लिए खास आकर्षण के रूप में जैजी बी, गिल हरदीप और निर्मल सिद्धू की लाइव परफॉर्मेंस रखी गई है। डावर कंपनी ने खिलाड़ियों के लिए विशेष रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की। हॉकी सब-जूनियर वर्ग में जरखड़ अकादमी ने संगरूर को 2-0 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। वहीं, रोमांचक मुकाबले में चचराड़ी ने किला रायपुर को हराया। लड़कियों की हॉकी प्रतियोगिता में पीआईएस बठिंडा ने मुंडियान कला को 3-0 और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने लुधियाना कोचिंग सेंटर को 4-0 से हराया। फुटबॉल (लड़कों का वर्ग) में बुर्ज हकीमां, पायल, गगड़ां, गिल और कल्याण की टीमों ने जीत हासिल की। रस्साकशी (लड़कियों का वर्ग) में दसमेश पब्लिक स्कूल कैड ने पहला स्थान हासिल किया। जबकि लड़कों में डेहलो स्कूल विजेता रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *