मेयर ने अधिकारियों से लिया फीडबैक:लंबे समय से तैनात अफसर बदलेंगे , साफ-सफाई सुनिश्चित होगी

भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम मेयर इंद्रजीत कौर ने सफाई व्यवस्था को लेकर आयोजित पहली बैठक में सख्त रुख अख्तियार किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में लुधियाना शहर को नंबर वन लाने के लिए कड़े फैसले लेने होंगे तो लिए जाएंगे। सबसे पहले चार जोनों में लंबे समय से तैनात सेनेटरी इंस्पेक्टरों का ट्रांसफर किया जाएगा। चारों जोनों में रेशो के हिसाब से कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर और डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर ने शुक्रवार को माता रानी चौक के पास नगर निगम जोन ए कार्यालय में स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों के साथ बैठक की। मेयर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पूरे शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जॉइंट कमिश्नरों, जोनल कमिश्नरों, मुख्य सफाई निरीक्षकों को सफाई कर्मियों की उपस्थिति जांचने के निर्देश दिए। सफाई कर्मचारियों की हाजिरी सुनिश्चित करने के दौरान फोटो भी खींची जाएगी और उसे पोस्ट करने का भी निर्देश दिया। मेयर ने पूरे शहर में साफ-सफाई और जमीनी स्तर पर सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए। मेयर इंदरजीत कौर ने कहा कि उनका लक्ष्य लुधियाना को नंबर 1 शहर बनाना है। नगर निगम पहले निवासियों से गंदगी करना बंद करने और शहर को साफ और हरा-भरा रखने के लिए कहेगा। जहां भी आवश्यक हो, नियमों का उल्लंघन करने वाले, गंदगी फैलाने, अवैध मांस काटने आदि के लिए चालान भी जारी किया जाए। मेयर ने कहा कि निकट भविष्य में वह सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के साथ स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए फील्ड निरीक्षण भी करेंगे। मेयर ने कहा कि जोन ए, जोन बी, जोन सी और जोन डी में तैनात सेनेटरी इंस्पेक्टरों की लिस्ट चेक की जाएगी जिसमें देखा जाएगा कि कौन कितने समय से तैनात है। बड़े पैमाने पर ट्रांसफर किए जाएंगे। सभी जोनों में बराबर कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। इस दौरान जॉइंट कमिश्नर अंकुर महेंद्रू, निगम के स्वच्छता अधिकारी अश्वनी सहोता, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विपल मल्होत्रा, एलए गौरव बागा, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक (सीएसआई), स्वच्छता निरीक्षक (एसआई) और अन्य उपस्थित थे। मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर और डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर ने अधिकारियों/कर्मचारियों से फीडबैक भी लिया। कर्मचारियों ने मुलाजिमों को पक्का करने, वेतन समय से मिलने आदि मांगों को मेयर के सामने उठाया। मेयर ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे वरिष्ठ कर्मचारियों को नियमित करने सहित उनकी जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *