उत्तरी हवा के कारण राजस्थान के तापमान में गिरावट जारी है। शुक्रवार को सीकर, उदयपुर, कोटा समेत कुछ शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई। सुबह-शाम के अलावा दोपहर में भी हल्की सर्द हवा चलने से सर्दी तेज रही। चार शहरों में न्यूनतम तापमान भी 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज (शनिवार) भी प्रदेश में तेज सर्दी रहने का अनुमान जताया है। कल से उत्तरी हवा कमजोर पड़ने से तापमान में बढ़ोतरी होने और सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई है। राज्य में कल सिरोही में दिन का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 23.6, माउंट आबू में 22.4, हनुमानगढ़-बारां में 22.9, चूरू में 24.5, बीकानेर में 24.8, उदयपुर में 23.8, कोटा में 24, सीकर-अलवर में 22 और जयपुर में 24.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इन शहरों में कल दिन में हल्की सर्द हवा चली और ठंडक रही। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर के एरिया में कल दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल छाए। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 29, जैसलमेर में 26.5, जोधपुर में 27.3, फलौदी में 26.6, चित्तौड़गढ़ में 27.4, डूंगरपुर में 27.2 और जालोर में 28.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इन शहरों की रात ठंडी
प्रदेश में दिन के कुछ शहरों में अभी रात तेज सर्दी है। इन शहरों में कल न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। सबसे कम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू में कल न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, नागौर में 4.3 और करौली में 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। अब आगे क्या?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज प्रदेश में मौसम ड्राय रहने की संभावना जताई है। साथ ही, उत्तर-पश्चिम राजस्थान के शहरों में कहीं-कहीं हल्की सर्द हवाएं चलने की संभावना है। इससे इन शहरों में सुबह-शाम ठंडक रहेगी। 9 फरवरी से प्रदेश में पश्चिमी हवा का प्रभाव बढ़ने से तापमान में इजाफा होना शुरू होगा, जिससे सर्दी से राहत मिलनी शुरू होगी।


