खरगोन जिले के कसरावद में एक चाय विक्रेता ने अपनी जेब से पैसे खर्च कर लोगों को ‘बॉर्डर-2’ फिल्म दिखाई। उनका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाना था। कसरावद के नए बस स्टैंड पर चाय की दुकान चलाने वाले विजय वर्मा को देशभक्ति फिल्मों से विशेष लगाव है। उन्होंने ‘बॉर्डर-2’ फिल्म के एक शो के 50 टिकट बुक किए और क्षेत्र के युवाओं को अपने साथ थिएटर ले जाकर फिल्म दिखाई। विजय वर्मा प्रतिदिन चाय बेचकर लगभग 600-700 रुपए कमाते हैं। वह अभिनेता सनी देओल की देशभक्ति फिल्मों के बड़े प्रशंसक हैं। 2023 में गदर-2 भी दिखाई थी
यह पहली बार नहीं है जब विजय ने ऐसा किया है। वर्ष 2023 में, उन्होंने ‘गदर-2’ की रिलीज के पहले दिन भी लगभग 38,000 रुपए खर्च कर क्षेत्र के लोगों को फिल्म दिखाई थी। उस समय भी दर्शकों को एक रैली के रूप में थिएटर तक ले जाया गया था। विजय वर्मा के अनुसार, देशभक्ति फिल्मों में सनी देओल का अभिनय दर्शकों, विशेषकर युवाओं में जोश भरता है। उन्होंने युवाओं में देशप्रेम की भावना जगाने के उद्देश्य से लोगों को ये फिल्में दिखाने का निर्णय लिया है। फिल्म देखने आए दर्शक सावन वर्मा ने बताया कि ‘गदर-2’ के समय जैसा उत्साह था, वैसा ही इस बार भी देखने को मिला। इस बार ‘बॉर्डर-2’ दिखाने में विजय को लगभग 5,000 रुपए का खर्च आया।


