भास्कर न्यूज | कवर्धा स्थानीय सर्किट हाउस में रविवार को अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की बैठक हुई। इसमें समाज की राजनीति, संगठन और विकास की दिशा को लेकर नए संकेत दिए हैं। बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटियार के आगमन के साथ ही देश और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी जुटे। बैठक को केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की भावी रणनीति तय करने वाले मंच के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और सामाजिक विकास को लेकर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटियार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज सबसे बड़ी जरूरत समाज को संगठित रखने की है। उन्होंने कहा कि बिखरा हुआ समाज न तो अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है और न ही विकास की गति पकड़ सकता है। संगठन ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। समाज के लिए नई दिशा: कार्यक्रम में देश-प्रदेश से आए पदाधिकारियों और समाज के वरिष्ठजनों की बड़ी मौजूदगी रही। मुंगेली जिले के अध्यक्ष विद्यानंद कश्यप, डीसी चंद्रवंशी, पारस सिंगरौली, राम कुमार गबेल, हरीश चंद्रवंशी, माखन चंद्रवंशी, मिथेन चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष संजय चंद्रवंशी उपस्थित रहे। इस दौरान समाज की एकता और विकास को लेकर ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया गया। नेतृत्व को लेकर उभर रहे मतभेद पर चर्चा की गई बैठक में कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत हुई। समाज में नेतृत्व को लेकर उभर रहे मतभेद, युवाओं की भूमिका और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने जैसे विषयों पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभूषण वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूनम चंद्राकर, राष्ट्रीय सचिव अंबिका चंद्रवंशी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश कोषाध्यक्ष आनंद कटियार और प्रदेश प्रवक्ता अशोक चंद्रवंशी ने समाज के सामने मौजूद चुनौतियों और अवसरों पर अपने विचार रखे। बैठक में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और वरिष्ठजन मौजूद थे।


