यूजीसी एक्ट समाज को तोड़ने वाला, योगी प्रधानमंत्री बनें, हम सब यह देखना चाहते हैं : ओकेंद्र सिंह राणा

भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा यूजीसी प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार लेकर आई है। भाजपा पहले धर्म की बात करती थी कि बंटोगे तो कटोगे, लेकिन अब वे खुद ही बांटने और तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हमारा एससी समाज से अच्छा भाईचारा रहा है। उन्होंने हमारा हर पल, हर जगह साथ दिया। हम भी जब, जहां जरूरत पड़ी, उनके साथ खड़े रहे, लेकिन इस प्रकार के एक्ट लाकर सरकार द्वारा समाज को तोड़ने का काम किया जा रहा है। सरकार पहले धर्म के नाम पर हिंदू-मुस्लिम को लड़ाने का काम करती थी और अब हिंदुओं को ही लड़ा रही है। ऐसे एक्ट की जरूरत नहीं थी, लेकिन सरकार लेकर आई तो जवाब देंगे। यह बात रविवार दोपहर राजपूत समाज की राणा सांगा प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि आए क्षत्रीय करणी सेना के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र सिंह राणा ने पत्रकारों से चर्चा में कही। उन्होंने कहा कि पार्टी को बनाने वाले, हर-हर मोदी और घर-घर मोदी का नारा देने वाले भी हम ही हैं और इसे वापस घर भेजने का काम भी हम ही करेंगे। अगले साल उत्तरप्रदेश में चुनाव है। भाजपा सरकार को पता लग जाएगा। योगी धर्म और सनातन समाज के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन उनको तोड़ने और घर बैठाने के लिए अमित शाह और नरेंद्र मोदी ने इस प्रकार की चाल चल रखी है, जो नाकाम होगी। आएंगे तो योगी ही, मोदी नहीं आएंगे। देश का प्रधानमंत्री भी योगी बनें, हम तो यह देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमें क्षत्रीय जाती में जन्म मिला, क्षत्रीय का मतलब 36 कोम को साथ लेकर चलने वाला, लेकिन बात अपने समाज, राष्ट्र और धर्म की आती है तो हम हर ताकत से लड़ सकते हैं। उत्तरप्रदेश से सपा के सांसद सुमन ने महाराणा सांगा के बारे में गलत टिप्पणी की तो दर्द हुआ और उसे मुंह तोड़ जवाब दिया गया था। बात अपने मान और सम्मान के साथ ही धर्म पर आए। देश तोड़ने की बात करें तो ऐसे लोगों का विरोध करना चाहिए। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को समर्थन तो कभी नहीं करेंगे। उसे कभी वोट नहीं दे सकते। अगर प्रधानमंत्री योगी को बनाया जाएगा तो भाजपा को वोट देगे, नहीं तो वोट नहीं देंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान क्षत्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय कार्य समिति अध्यक्ष विश्वबंधु सिंह राठौड़ व क्षत्रीय करणी सेना के जिलाध्यक्ष नरेंद्रसिंह सहित संगठन के कई युवा मौज्ूद थे। प्रतियोगिता की आयोजन समिति के अध्यक्ष विश्वबंधु सिंह ने सभी का स्वागत किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *