भास्कर न्यूज | लोहंडीगुड़ा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लोहंडीगुड़ा में स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 60 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन विद्यालय की छह दशक लंबी शैक्षणिक यात्रा, सामाजिक योगदान और उपलब्धियों का उत्सव बनकर सामने आया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पूर्व विद्यार्थियों, सेवानिवृत्त व वर्तमान शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। वक्ताओं ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस संस्था ने सीमित संसाधनों के बावजूद हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से संस्कारित किया है। विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं, जो इसकी शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त एवं वर्तमान शिक्षकों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, वहीं विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा कर शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समापन पर विद्यालय परिवार ने भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया। 60 साल बेमिसाल कार्यक्रम विद्यालय के इतिहास में एक स्मरणीय अध्याय बन गया।


