रांची | अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंडल द्वारा निर्मित श्री श्याम मंदिर का 21वां स्थापना दिवस रविवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः श्री श्याम प्रभु की आरती से हुई। इसके बाद श्री श्याम प्रभु व गो माता के जयकारों के बीच श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने हरमू रोड स्थित गोशाला में गो पूजन किया। दोपहर 11.30 बजे श्री श्याम मंदिर के निकट शीतल टॉवर परिसर में श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया गया। लगभग 3000 भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। यह भंडारा वेद प्रकाश बागला के परिवार द्वारा निवेदित किया गया। शाम 4 बजे से श्री श्याम प्रभु का नयनाभिराम शृंगार किया गया व संगीतमय संकीर्तन का आयोजन हुआ। गुरुग्राम से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक सागर शर्मा ने भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रात 8 बजे महाआरती व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


