गढ़वा | गढ़वा के भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए इसे देश के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आमजन, किसानों, महिलाओं, युवाओं और बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए राहत और उम्मीद लेकर आया है। विधायक तिवारी ने कहा कि बजट में कैंसर मरीजों के लिए जरूरी दवाओं पर आयात शुल्क में कमी कर सरकार ने संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का परिचय दिया है। इससे गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध होंगी और उनके इलाज का बोझ कम होगा। उन्होंने रक्षा बजट में की गई बढ़ोतरी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इससे देश की सीमाएं और अधिक मजबूत होंगी। उन्होंने आयुर्वेद को सशक्त बनाने और भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए देश को ग्लोबल बायो फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की योजना की भी प्रशंसा की। विधायक ने कहा कि यह पहल भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। महिलाओं के लिए लाई गई ‘लखपति योजना’ को उन्होंने क्रांतिकारी कदम बताया। उनके अनुसार इस योजना से महिलाओं को स्वरोजगार और आय सृजन के नए अवसर मिलेंगे, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी। विधायक ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत यह शानदार बजट देश को आने वाले वर्षों में विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति करता रहेगा और वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।


