भास्कर न्यूज | चिरमिरी वाहन चेकिंग के दौरान थाना पोड़ी प्रभारी द्वारा एक व्यापारी के साथ कथित गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का मामला गरमा गया है। घटना के विरोध में रविवार को शहर के व्यापारी एकजुट हुए और नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) को शिकायत सौंपकर दोषी अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों के प्रदर्शन को भाजपा और कांग्रेस नेताओं का भी समर्थन मिला है। बड़ा बाजार के व्यापारी प्रभात केसरवानी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे दीनदयाल उपाध्याय चौक पर पुलिस ने उन्हें रोका। पीड़ित का आरोप है कि कागजात सही होने के बावजूद थाना प्रभारी जवाहर लाल गायकवाड़ ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी दी। व्यापारी का कहना है कि प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने पर चालान काटा जा सकता था, लेकिन सार्वजनिक दुर्व्यवहार असहनीय है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद व्यापारी संघ ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि तीन दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो पोड़ी थाने का घेराव और चिरमिरी बंद जैसा आंदोलन किया जाएगा। टीआई जवाहरलाल गायकवाड़ ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि चेकिंग के दौरान सिर्फ बहस हुई थी, गाली-गलौज नहीं।


