रील बनाने को लेकर दंपती में विवाद…पत्नी ने की आत्महत्या:पति से होता था आए दिन झगड़ा, बच्चों के ट्यूशन जाते ही लगाई फांसी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने आत्महत्या कर ली। दंपती में आए दिन विवाद होता था, जिससे नाराज होकर पत्नी ने घर पर फांसी लाकर खुदकुशी कर ली। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम अंजली साव (35) है। जो भिलाई क्षेत्र की रहने वाली थी। अंजली इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहती थी और रील बनाती थी। लेकिन यह उसके पति को पसंद नहीं था। ऐसे में दोनों में आए दिन झगड़ा होता था। बुधवार को जब बच्चे ट्यूशन गए तो उसने जान दे दी। इससे पहले ग्राफिक्स डिजाइनर युवक ने गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने अपनी पत्नी पर गर्लफ्रेंड पर जादू-टोना कराने का आरोप लगाया था। वहीं, एक अन्य घटना में दो भाइयों के साथ रह रही बहन ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर जान दे दी थी। केस- 1 पहला मामला छावनी इलाके का है। दरअसल, अंजली साव अपने पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ रहती थी। वह गृहिणी थी और इंस्टाग्राम पर रील बनाती थी। जबकि पति मजदूरी करता है। पत्नी का सोशल मीडिया पर रील बनाना पति को बिल्कुल भी पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर मना करने पर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी बात को लेकर 30 जनवरी को दंपती में विवाद हुआ। शाम को जब बच्चे ट्यूशन गए तो उसने पंखे से लटककर जान दे दी। जब बच्चे लौटे तो उन्होंने अंजली फंदे से लकटते मिली। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने फौरन पुलिस और पति को मामले की जानकारी दी। 26 जनवरी को लास्ट पोस्ट किया था घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का फंदे से उतारा और पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों के हवाला कर दिया गया। रविवार को अंजलि का अंतिम संस्कार किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली मोहल्ले में रील और डांस वीडियो को लेकर काफी चर्चित थी। 26 जनवरी को उसने अपनी आखिरी पोस्ट इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। दिसंबर को भी उसने सुसाइड की कोशिश की थी, उसने धतूरा खा लिया था। जिसे गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद जान तो बच गई थी, लेकिन अंजलि चिडचिढ़ी हो गई थी। फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। केस- 2 बहन ने लगाई फांसी दूसरा मामला भी छावनी थाना क्षेत्र का है। कैंप-1 श्याम नगर इलाके में 27 वर्षीय युवती नीतू कोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नीतू अपने दो भाइयों के साथ रहती थी। घटना 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरम्यानी रात की है। सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मामले की जांच के तहत परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। केस- 3 ग्राफिक्स डिजाइनर ने की खुदकुशी तीसरा मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। जहां 28 जनवरी को भोज नारायण (36) ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। वह रुंगटा कॉलेज में सीनियर ग्राफिक्स डिजाइनर था। मूल रूप से गरियाबंद के राजिम का रहने वाला था और भिलाई में किराए के मकान में रहता था। भोज नारायण शादीशुदा था। लेकिन उसका एक अन्य महिला प्यून के साथ प्रेम संबंध था, वो भी शादीशुदा थी। यह बात उसकी पत्नी को पता थी। जिसका वह विरोध भी करती थी। कुछ दिनों पहले वह घर से लापता हो गया था, जिसके बाद पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान सामने आया कि उसका महिला प्यून से अफेयर है। जांच में यह भी सामने आया है कि भोज अपनी गर्लफ्रेंड को बाहर लेकर गया था। बाद में जब वह उसे छोड़कर घर लौट आया, तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। घटना के वक्त घर पर अकेला था पत्नी ने उसे समझाने की कोशिश की और संबंध खत्म करने की बात कही, लेकिन भोज नहीं माना और गर्लफ्रेंड के संपर्क में बना रहा। 28 जनवरी को भोज ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय वह घर पर अकेला था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। 29 जनवरी को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए गांव रवाना हो गए। फिलहाल, जामुल थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *