सड़क पर गाड़ी खड़ी करना मजबूरी:पंडरी, एमजी रोड, कटोरा तालाब जैसे बाजार में पार्किंग ही नहीं; गाड़ी कहां खड़ी करें, जुर्माना भी वसूल रहे हैं

शहर में करीब एक दर्जन ऐसे बड़े बाजार हैं जहां लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था ही नहीं है। लोग वहां जाते हैं लेकिन गाड़ी सड़क पर खड़ी करना मजबूरी है। परेशानी उस समय और बढ़ जाती है जब सड़क पर गाड़ी खड़ी करने पर ट्रैफिक पुलिस वाले जुर्माना वसूल करते हैं। लोगों का कहना है कि जब बाजारों में पार्किंग के लिए जगह ही नहीं है तो वे गाड़ी कहां खड़ी करेंगे। प्रशासन और पुलिस को पहले इसके लिए व्यवस्था करनी चाहिए। राजधानी के सबसे बड़े कपड़ा बाजार पंडरी, कोतवाली चौक, सदर बाजार, गोलबाजार, शारदा चौक, फूल चौक, एमजी रोड, गुरुनानक चौक, स्टेशन रोड, तात्यापारा, कटोरातालाब, लाखेनगर, टिकरापारा और पुरानी बस्ती जैसे बाजारों में कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इन बाजारों में जाने वाले लोगों को गाड़ी खड़ी करने में काफी परेशानी हो रही है। लोगों को दुकानों के बाहर या सड़क पर ही गाड़ी करनी पड़ती है। ट्रैफिक पुलिस वाले अक्सर इन्हीं जगहों पर कार्रवाई करते हैं। पंडरी में इतनी गाड़ियां कि पैदल चलना मुश्किल
पंडरी छत्तीसगढ़ का भी सबसे बड़ा कपड़ा बाजार है। यहां रोजाना 25 हजार से ज्यादा लोग आना-जाना करते हैं। ये सभी लोग सड़क पर ही गाड़ी खड़ी करते हैं। क्योंकि यहां सरकारी और प्राइवेट पार्किंग ही नहीं है। पंडरी सड़क के दोनों ओर और बाजार के अंदर गाड़ी खड़ी होने से पैदल चलना भी मुश्किल होता है। यहां भी पार्किंग नहीं
शहर में अभी कटोरातालाब, लाखेनगर, टिकरापारा, पुरानी बस्ती समेत कई जगहों पर नए बाजार डेवलप हो गए हैं। जहां लोगों की भीड़ भी बढ़ गई है। इन सभी जगहों पर भी पार्किंग नहीं है। स्टेशन तक व्यवस्था नहीं
जयस्तंभ चौक से शारदा चौक, शारदा चौक से एमजी रोड होते हुए गुरुनानक चौक और वहां से स्टेशन रोड तक कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। यहां दुकानदारों के पास भी पार्किंग के लिए जगह नहीं है। दो बड़ी पार्किंग, लेकिन व्यवस्था चाक-चौबंद नहीं जयस्तंभ चौक से 1 किमी की भी कम दूरी पर दो बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग मौजूद है। जयस्तंभ चौक और जवाहर बाजार में। दोनों जगहों पर 750 से ज्यादा कार और दोपहिया एक साथ खड़ी हो सकती हैं। लेकिन पार्किंग करने का कोई सिस्टम ही नहीं बना है। सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे हैं। सुरक्षा गार्ड भी नहीं दिखते हैं। मैकेनाइज्ड पार्किंग जल्द
निगम की ओर से शहर में तीन बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया गया है। लोगों को इसका उपयोग करना चाहिए। पार्किंग की समस्या खत्म हो जाएगी। इसके अलावा अब निगम मुख्यालय और पंडरी में भी नई मैकेनाइज्ड पार्किंग बनाई जा रही है। जल्द ही इसका निर्माण भी पूरा हो जाएगा।
विश्वदीप, कमिश्नर नगर निगम हम सहयोग करने तैयार
शहर के जिस भी बाजार में पार्किंग नहीं है वहां प्रशासन और पुलिस को इसकी व्यवस्था करनी चाहिए। राजधानी का हर कारोबारी संगठन पार्किंग और जाम की समस्या खत्म करने के लिए प्रशासन के साथ हैं। इस काम के लिए कारोबारी हर संभव मदद करने को हमेशा तैयार हैं।
सतीश थौरानी, अध्यक्ष छग चैंबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *